पहली बार इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग मशीन और स्पूल सिस्टम के साथ होगी फेंसिंग प्रतियोगिता
इंदौर फॉइल चैलेंज 26 को

प्रयास न्यूज, इंदौर । श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल और इन्दौर फेंसिंग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन द्वारा “इन्दौर फॉइल चैलेंज 2026” का भव्य आयोजन 26 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों, क्लबों और अकादमियों के खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाओं को ओलम्पिक खेल फेंसिंग के फॉइल इवेंट में खेलने का अवसर मिलेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष आर्य ने बताया कि इन्दौर में पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट, स्कोरिंग मशीन एवं स्पूल सिस्टम के साथ किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर जैसी तकनीकी सुविधाओं का अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य शहर में फेंसिंग खेल को नई पहचान देना तथा युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता की तैयारियाँ जोर-शोर से की जा रही हैं तथा खिलाड़ियों के लिए तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं।
इन्दौर में फेंसिंग ( तलवारबाजी )खेल की शुरुआत करने वाले वरिष्ठ कोच मास्टर सईद आलम ने कहा कि फेंसिंग केवल एक खेल नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और मानसिक तुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले सन् 2001 में जब इन्दौर में फेंसिंग की शुरुआत की गई थी तब बहुत कम लोग इस खेल के बारे में जानते थे, लेकिन लगातार मेहनत, प्रशिक्षण शिविरों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आज कई खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँच चुके हैं।
मास्टर सईद आलम ने कहा कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक स्कोरिंग सिस्टम के साथ प्रतियोगिता आयोजित होने से खिलाड़ियों को वास्तविक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी तकनीकी क्षमता और प्रदर्शन में सुधार होगा। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने की अपील करते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “इन्दौर फॉइल चैलेंज 2026” शहर में फेंसिंग खेल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Prayas News MP
