इंदौर में पुलिस ने तोड़ा अपना ही वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानिए क्या है पूरा मामला
नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान ने बना दिया विश्व कीर्तिमान

नशे के विरुद्ध इंदौर पुलिस ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ बनाया विश्व रिकॉर्ड
— हजारों लोगों ने एक साथ दिया नशामुक्त समाज का संदेश
— वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन से सम्मानित हुई इंदौर पुलिस
प्रयास न्यूज,इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व तथा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” को इंदौर में ऐतिहासिक जनसहभागिता मिली।
पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित विशाल जनजागरूकता कार्यक्रम में 8,534 विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों, खिलाड़ियों, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशे के विरुद्ध विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।

इस उपलब्धि के साथ इंदौर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के विरुद्ध मानव श्रृंखला का अपना ही पूर्व विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पूर्व 7,100 लोगों की मानव श्रृंखला का रिकॉर्ड इंदौर पुलिस के नाम दर्ज था। इस बार 8,534 लोगों की सहभागिता ने न केवल नया कीर्तिमान स्थापित किया, बल्कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए इंदौर की सामूहिक प्रतिबद्धता को भी देश के सामने सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से एडिटर अपूर्वा मेनन एवं पलाश शुक्ला द्वारा इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को सम्मान प्रदान किया गया।

Prayas News MP
