मेडिकैप्स इंटरनेशनल स्कूल : सीबीएसई क्लस्टर-12 बैडमिंटन प्रतियोगिता में नशामुक्ति का दिया संदेश
बच्चे दे रहे बेहतरीन परफॉर्मेंस

प्रयास न्यूज, इंदौर। मेडिकैप्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-12 बैडमिंटन प्रतियोगिता का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एएसपी महू राजकृष्ण एवं विशिष्ट अतिथि डीएसपी महू ललित सिकरवार उपस्थित रहे। समारोह में मेडिकैप्स इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन गोपाल अग्रवाल, डायरेक्टर गीतिका अग्रवाल, प्राचार्या योगेश्वरी राठौर, अकादमिक डीन नीलम चौधरी तथा क्रीड़ा अधिकारी भावेश बुंदेला सहित विद्यालय के समस्त समन्वयक, शिक्षक एवं प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी, टीम प्रबंधक और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर इंदौर पुलिस के सहयोग से “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।
अपने संबोधन में एएसपी महू राजकृष्ण ने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने, निरंतर प्रयासरत रहने तथा कभी हार न मानने का संदेश दिया। वहीं, अतिथियों ने खेलों को अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना एवं व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम बताते हुए प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मनोबल बढ़ाया ।

Prayas News MP
