शेर की तरह उछलकर बनाया पॉइंट : रामबाग वारियर्स बने चैंपियन
रामबाग खो खो प्रीमियर लीग सीजन-5 का भव्य समापन

प्रयास न्यूज, इंदौर। रामबाग अमेच्युअर्स स्पोर्ट्स क्लब द्वारा आयोजित दो दिवसीय “रामबाग खो खो प्रीमियर लीग सीजन – 5” का गारमेंट्स पब्लिक स्कूल के मैदान पर समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल और खेल भावना से दर्शकों का दिल जीत लिया। खिलाड़ियों ने अपनी टीम के लिए खेल के दौरान सामने वाले खिलाड़ी का उछलकर प्वाइंट करने का हौसला भी दिखाया जिसे जिसने भी देखा देखता रह गया ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जयदीप कमल नागर (भाजपा राऊ – गुरु गोविन्द सिंह मण्डल एवं अ.भा. श्री धाकड़ महासभा युवा संघ के राष्ट्रीय महासचिव) उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा (परीक्षा नियंत्रक) होलकर विज्ञान महाविद्यालय, आनंद जायसवाल , रवि नरवरिया , मनोज गौड, महेन्द्र शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में वैभव ठाकुर, मनोज जायसवाल, विलास केन्दुलकर , राजेश गौड़ और सुनील गौड़ ने कार्यक्रम में अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।
रोमांचक फाइनल: 1 अंक से जीती रामबाग वारियर्स
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और सांसें रोक देने वाला रहा। खिताबी भिड़ंत में रामबाग वारियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रामबाग किंग्स को महज 1 अंक के करीबी अंतर से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में रामबाग लायंस ने तीसरा स्थान हासिल किया।
इन्हें मिले व्यक्तिगत पुरस्कार (Award Gallery)
टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को विशेष पुरस्कारों से नवाजा गया:
प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट: आदर्श वानखेड़े
बेस्ट अटैकर: कृष्णा वानखेड़े
बेस्ट डिफेंडर: आर्यन गोयल
बेस्ट स्काई डाइव अवार्ड: ऋषिकेश हीरवे
बेस्ट पोले डाइव: विशाल जाधव
राइजिंग स्टार ऑफ टूर्नामेंट: करण चोंगर
इस पूरे दो दिवसीय आयोजन और मंच संचालन विकास दम्मानी , अभिलाषा मैम द्वारा बेहद ऊर्जावान तरीके से किया गया। अंत में रामबाग अमेच्युअर्स स्पोर्ट्स क्लब की ओर से सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और प्रत्यक्षदर्शियों का आभार व्यक्त किया गया।

