शासकीय सांदीपनि स्कूल भवनों के निर्माण में कोई समझौता नहीं – कलेक्टर आशीष सिंह

प्रयास न्यूज, इंदौर । कलेक्टर आशीष सिंह ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में इंदौर जिले में निर्माणाधीन 11 सांदीपनि (सीएम राइज) स्कूल भवनों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, निर्माण एजेंसी मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन एवं आईडीए के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक के दौरान कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी भवनों का निर्माण उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर भवन तैयार कर लिए जाएं। निर्माण स्थल पर नियमित निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की तकनीकी या संरचनात्मक त्रुटि को तुरंत सुधारा जाए।

 बैठक में अधिकारियों द्वारा बताया गया कि जिले में 11 सांदीपनि स्कूलों में से 10 स्कूल भवनों का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है, जबकि शेष एक विद्यालय के भवन का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। बताया गया कि जिले में 10 में से 7 विद्यालय भवन फिनिशिंग स्तर पर पहुँच चुके हैं। शेष 3 भवनों का कार्य भी तीव्र गति से जारी है। सभी विद्यालय भवनों को दिसंबर 2025 तक पूर्ण कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

  कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.