सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम : देवास पुलिस अधीक्षक पहुंचे सियाघाट

🔹 दुर्घटना संभावित घाट एवं मोड़ों पर CCTV कैमरे, रिफ्लेक्टर पोल, रेडियम साइनेज एवं जागरूकता बोर्ड लगाए जा रहे
🔹 सियाघाट पर सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हिस्सों में मोरम-गिट्टी भराव सहित किए जा रहे सुधारात्मक उपायों का लिया जायजा
🔹 जनसहयोग से किए जा रहे सड़क सुरक्षा कार्यों की सराहना, सहयोगी गणमान्य नागरिकों का किया उत्साहवर्धन*
🔹 थाना कन्नौद क्षेत्र में गत वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं एवं दुर्घटना में मृत्यु के मामलों में उल्लेखनीय कमी
प्रयास न्यूज,देवास । पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं तथा उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं जागरूकता संबंधी उपाय लगातार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आदित्य तिवारी सहित संबंधित थाना प्रभारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का विश्लेषण कर प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
इसी तारतम्य में थाना कन्नौद क्षेत्र अंतर्गत सियाघाट पर सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु को रोकने के लिए विभिन्न सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। घाट क्षेत्र में गहरी खाइयों के समीप सड़क किनारे क्षतिग्रस्त हिस्सों पर मोरम-गिट्टी का भराव, दुर्घटना संभावित स्थानों पर जागरूकता बोर्ड, रिफ्लेक्टिंग पोल, रेडियम साइनेज तथा CCTV कैमरे जनसहयोग से लगाए जा रहे हैं।पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा सियाघाट पहुंचकर इन सुरक्षा एवं सुधारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने घाट क्षेत्र में लगाए गए CCTV कैमरे, रेलिंग, रिफ्लेक्टिंग बोर्ड, रेडियम एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों का अवलोकन करते हुए पुलिस टीम को दुर्घटना रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए एवं सड़क सुरक्षा के इन कार्यों में सहयोग करने वाले गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसी प्रकार पुलिस टीम कन्नौद द्वारा कुसमानिया घाट पर भी जनसहयोग से CCTV कैमरे, रिफ्लेक्टर पोल, रेडियम साइनेज एवं वाहन चालकों को सतर्क करने वाले फ्लेक्स बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे घाट एवं मोड़ वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को समय रहते संभावित खतरे की जानकारी मिल सके।
सड़क सुरक्षा प्रयासों का सकारात्मक परिणाम –
थाना कन्नौद क्षेत्र में किए जा रहे सतत सुधारात्मक एवं जागरूकता प्रयासों के परिणामस्वरूप गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु के दर्ज मामलों में कमी दर्ज की गई है।
गत वर्ष की समान अवधि –
➡️ सड़क दुर्घटना के प्रकरण — 54
➡️ दुर्घटना में मृत्यु — 21
इस वर्ष की समान अवधि –
➡️ सड़क दुर्घटना के प्रकरण — 13
➡️ दुर्घटना में मृत्यु — 07
देवास पुलिस की अपील*-देवास पुलिस आमजन एवं वाहन चालकों से अपील करती है कि घाट, तीव्र मोड़ एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निर्धारित गति से वाहन चलाएं, संकेतक एवं रिफ्लेक्टर का पालन करें तथा ओवरटेकिंग में विशेष सावधानी बरतें। साथ ही सड़क सुरक्षा हेतु पुलिस एवं प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों में जनसहयोग प्रदान कर किसी अमूल्य जीवन को बचाने में सहभागी बनें।
