मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान : मंत्री, विधायक ,प्रमुख सचिव ,कलेक्टर और एसपी ग्रामीणों के बीच गंधर्वपुरी पहुंचे

समस्याएं सुन मौके पर ही किया निराकरण

प्रयास न्यूज,देवास । मध्यप्रदेश शासन के “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के अंतर्गत जिले का पहला जनविश्वास शिविर शुक्रवार को सोनकच्छ विकासखंड के ग्राम गंधर्वपुरी में आयोजित किया गया। शिविर में प्रदेश के वन एवं पर्यावरण विभाग के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, प्रमुख सचिव राजस्व विभाग डॉ. ई. रमेश कुमार, कमिश्नर अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग डॉ सत्येंद्र सिंह, पंजीयन महानिरीक्षक एवं अधीक्षक मुद्रांक, आलोक कुमार सिंह, कलेक्टर  ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने नागरिकों से सीधे आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर आगामी विकासखंड स्तरीय शिविर से पूर्व निराकृत करने के निर्देश दिए गए। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत शासकीय संस्थाओं एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को जिले के अलग-अलग ग्रामों एवं क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंत्री, विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। आज मध्यप्रदेश के हर जिले में शिविरों का आयोजन हो रहा। “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के अंतर्गत जिले में विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। 

सोनकच्छ विधायक डॉ.राजेश सोनकर ने कहा कि नागरिकों की प्रत्येक समस्या का निराकरण करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि अब नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दूर सरकारी कार्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव और वार्ड स्तर तक पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करेगा। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

प्रमुख सचिव राजस्व विभाग डॉ. ई. रमेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आपकी हर छोटी-बड़ी समस्या का त्वरित निराकरण करना है। शासन और प्रशासन आज खुद आपकी समस्याओं को हल करने के लिए आपके बीच आया है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर बिल्कुल न झिझकें। उन्होंने आगे कहा, “आपके पास जो भी समस्याएं हैं, उनके निराकरण के लिए आप तुरंत लिखित में आवेदन दें। आज यहां मौजूद पूरा प्रशासनिक अमला आपकी ही समस्याओं को सुनने और उन्हें दूर करने के लिए उपस्थित हुआ है। हमारी कोशिश है कि शिविर में आने वाले हर एक आवेदक को राहत मिल सके।”

कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत पूरा प्रशासनिक अमला ग्राम गंधर्वपुरी पहुंचा है। शिविर में प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर समयबद्ध तरीके से निराकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोनकच्छ विकासखंड में अगले माह आयोजित होने वाले शिविर से पूर्व लंबित शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

– Prayas News MP

” आदित्य का प्रयास ” साप्ताहिक समाचार पत्र

Leave A Reply

Your email address will not be published.