यूजीसी कानून का विरोध जारी , बड़वानी में दी चेतावनी

तहसीलदार को दिया ज्ञापन

प्रयास न्यूज, बड़वानी। यूजीसी विनियम 2026 के विरोध में 14 फरवरी को बड़वानी में क्षत्रिय करणी सेना एवं समस्त सवर्ण समाज द्वारा विशाल प्रदर्शन किया गया। दोपहर 3 बजे राजपूत धर्मशाला (पुलिस थाने के पीछे) से वाहन रैली निकाली गई, जो कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सभा और ज्ञापन के साथ संपन्न हुई।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष राजसिंह चौहान ने कहा कि नए विनियमों में कई ऐसे प्रावधान हैं, जो छात्रों के हितों के विरुद्ध प्रतीत होते हैं। उन्होंने मांग की कि दोषी को कठोर दंड मिले, परंतु निर्दोष को भी स्वयं को निर्दोष सिद्ध करने का समान अवसर मिलना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा संस्थान समाज की जड़ हैं और वहां समानता, निष्पक्षता तथा न्याय की भावना सर्वोपरि रहनी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से विनियमों की पुनः समीक्षा कर उन्हें तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।

वहीं सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहा है और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने 14 फरवरी को शहीद हुए वीरों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार हितेंद्र भवासार को सौंपा।

आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आगामी समय में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.