71 फिट का रावण और 25 फिट के होंगे मेघनाथ और कुंभकरण
रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले का भी होगा दहन

प्रयास न्यूज, शाजापुर। नवरात्रि पर्व के पहले दिन से दशहरे के आयोजन का भी श्री गणेश हो गया। इस दिन दशहरा उत्सव समिति द्वारा रावण दहन स्थल का शुभ मुहूर्त मे पूजन किया। दशहरा उत्सव समिति संयोजक दीपक चौहान ने बताया कि इस बार 71 फीट ऊंचे रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा।
नगर में बरसों से दशहरा उत्सव का आयोजन धूमधाम से मनाया जाता है। इस वर्ष भी इस परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। गत दिनों इसके लिए समिति का गठन किया गया, जिसमें संयोजक दीपक चौहान, सह संयोजक जलज ठाकुर, सचिव मनीष सिसौदिया व कोषाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति को नियुक्त किया गया है, जिनके द्वारा आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समिति द्वारा नगर में धन संग्रह के बाद सोमवार को समिति अध्यक्ष की उपस्थिति में मैदान का पूजन किया गया। साथ ही दशहरा उत्सव समिति के फोल्डर का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर दशहरा उत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ ही सर्व हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष पं. आशीष नागर, महासचिव मनीष सोनी, सत्या वात्रे, संरक्षक नरेश कप्तान, धनराज गवली, पं. गोविंद शर्मा, बंटी सिकरवार, रामकृष्ण शर्मा, अंकित तंवर, पीयूष भावसार, राजेश पारछे, रोहित विश्वकर्मा, महेश प्रजापति, दीपक निगम, कैलाश सेन आदि उपस्थित थे।

आतिशबाजी का भी होगा आयोजन –
इस वर्ष समिति द्वारा आतिशबाजी की भी तैयारियां की गई है। जिसकी जिम्मेदारी नगर के आशीष गोठी को सौंपी गई है। जिनके द्वारा युद्ध के प्रतीक आतिशबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया जाएगा। समिति सचिव मनीष सिसौदिया ने बताया कि इस बार की आतिशबाजी भव्य और आकर्षक होगी। जिससे नगरवासियों को पूरे आयोजन में आनंद आएगा। उन्होंने बताया कि इस बार के आयोजन को आकर्षक बनाने में सभी समिति सदस्यों ने मेहनत की है, ताकि आयोजन को भव्याति भव्य रूप दिया जा सके।
मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले का भी होगा दहन –
2 अक्टूबर को दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन शाम को श्री कृष्ण व्यायामशाला से चल समारोह प्रारंभ होगा जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ स्टेडियम पहुंचेगा। जहां 71 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही 25-25 फीट के मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। रावण के साथ इन दोनों के पुतले का निर्माण भी अंतिम चरण मे है जिसे उज्जैन के अशोक राव द्वारा तैयार किया जा रहा है। शाजापुर से सागर गौड की रिपोर्ट
