महापौर बोले – मेघालय सरकार का आभार , परिवार संवाद कार्यक्रम करेंगे शुरू
महापौर पुष्यमित्र भार्गव का मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक पुनर्मंथन की पहल

महापौर पुष्यमित्र भार्गव का मानवीय दृष्टिकोण और सामाजिक पुनर्मंथन की पहल
इंदौर की संस्कृति, संवाद और संवेदनशीलता पर गहन विचार का समय
प्रयास न्यूज, इंदौर ।देश भर में चर्चित सोनम रघुवंशी–राजा रघुवंशी प्रकरण ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद घटना के संदर्भ में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जहां एक ओर मेघालय सरकार द्वारा निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई के प्रयासों की सराहना की, वहीं दूसरी ओर इस पूरे प्रकरण को सामाजिक चेतना और पारिवारिक संवाद की दृष्टि से आत्मपरीक्षण का अवसर बताया।
मेघालय सरकार की भूमिका की सराहना –
महापौर भार्गव ने कहा कि — “जिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ मेघालय सरकार ने इस मामले की जांच को गति दी, वह प्रशंसनीय है। हमने जिस विश्वास के साथ सहयोग मांगा, उसी तादात्म्य के साथ उन्होंने कार्य किया।” उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र में रह चुके हैं और वहाँ के पर्यटन, सुरक्षा और सांस्कृतिक सौहार्द को भलीभांति समझते हैं।
इंदौर की छवि और आत्ममंथन –
महापौर ने कहा कि इंदौर केवल स्वच्छता में अग्रणी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संवाद और सामाजिक सहभागिता का भी प्रेरणास्रोत है।
“इंदौर की आत्मा ‘संस्कार और सहभागिता’ में बसती है। इस प्रकार की घटना आत्ममंथन का विषय है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि हमारा शहर केवल साफ-सुथरा नहीं, बल्कि आचरण और रिश्तों की दृष्टि से भी परिष्कृत बना रहे।”
संवाद और संस्कार – भविष्य की दिशा-
इस घटना से सबक लेते हुए महापौर भार्गव ने समाज में विशेषकर युवा वर्ग और परिवारों के मध्य संवाद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
हम ‘परिवार संवाद कार्यक्रम’ के माध्यम से यह सुनिश्चित करेंगे कि भावनात्मक दूरी, अवसाद, और संवादहीनता को कम किया जा सके। समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने की आवश्यकता है — भावनात्मक रूप से भी।”
मेघालय की छवि को भी ध्यान में रखा जाए –
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मेघालय पर्यटन और नॉर्थ ईस्ट की सांस्कृतिक गरिमा पर भी चिंता जताई । “अगर इस घटना से मेघालय की छवि, पर्यटन या वहां की सिस्टरहुड संस्कृति प्रभावित हुई है, तो हम खेद प्रकट करते हैं। यह क्षेत्र अपने सौहार्द और शांति के लिए प्रसिद्ध है। हमें हर दृष्टि से विवेकशील रहना होगा।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव की इस पहल ने घटना को केवल अपराध या जांच के दायरे में नहीं देखा, बल्कि उसे समाज, रिश्तों और नई पीढ़ी की सोच के संदर्भ में गहराई से विश्लेषित किया है।यह वक्त है जब हम केवल व्यवस्था नहीं, संवेदना और संवाद को भी केंद्र में रखें — ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना टाली जा सकें।
