विडोरा/डियाब्लो : एक बार , बार बार तोड़ रहा नियम, प्रशासन दे रहा बार को बार बार मौका
कलेक्टर के निर्देश पर आबकारी विभाग की कार्यवाही

– बार को 15 दिन के लिए किया सील
– ऐसे बारों पर स्थाई कार्यवाही की जरूरत
प्रयास न्यूज ,इंदौर । बार संचालित करने वालो के हौसले इतने बुलंद हो रहे है की वे आबकारी विभाग तो ठीक ,कलेक्टर तक के आदेश की धज्जियां उड़ा रहे है । जिसका ताजा उदाहरण इंदौर के पलासिया चौराहा स्थित विडोरा/डियाब्लो बार में देखने को मिला । जहां तय समय के बाद भी शराब परोसी जा रही थी । आपको बता दे की इसी बार को पहले नियमो का उलंघन करने के मामले में सात दिन के लिए सील किया था लेकिन फिर इसके संचालकों द्वारा नियमो को ताक पर रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देशों की बैंड बजाते हुए निर्देशों की अनदेखी करने लगे । हालांकि , इस बार भी जिला प्रशासन और आबकारी विभाग द्वारा इस बार को अब 15 दिन के लिए सील कर दिया है । लेकिन इन नियमों का उलंघन करने वालो के खिलाफ आखिर क्यों बड़ी और स्थाई कार्यवाही नही की जा रही है , यह समझ से परे है ।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा दिए गए आदेश और सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के निर्देशन में इंदौर जिले में आबकारी विभाग द्वारा बारों पर पाई जाने वाली अनियमितताओं की सघन जॉंच की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर गत 15 मई को मेसर्स ए.बी.एस. फूड्स, (विडोरा/डियाब्लो बार) पलासिया इंदौर पर जांच हेतु दल भेजे गए। दल में सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजीव प्रसाद द्विवेदी, आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी राजीव मुदगल एवं आबकारी उपनिरीक्षक राकेश मंडलोई शामिल थे।
दल द्वारा निरीक्षण करने पर विडोरा/डियाब्लो बार बंद होने के निर्धारित समय रात्रि 12 बजे पश्चात देर रात्रि तक संचालन होना पाया गया। जिस पर संबंधित वृत प्रभारी द्वारा विधिवत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे द्वारा उक्त प्रकरण कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी को प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने इस कृत्य को गंभीर अनियमितता की श्रेणी में आने से तथा दूसरी बार ये अनियमितता पाए जाने से उक्त बार के लाइसेंस को 15 दिवस के लिये यथा 07 जून 2023 तक के लिए निलंबित कर दिया है।
इस अवधि में बार को बंद कर मदिरा विक्रय को प्रतिबंधित किया जाना आदेशित किया गया है। उक्त बार को आबकारी की टीम द्वारा सीलबन्द कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि उक्त बार पर इसी प्रकार की अनियमितता पहले भी पाए जाने पर इसका लाइसेंस 07 दिवस के लिए निलंबित कर सीलबंद किया गया था।
बताया जा रहा है की, आबकारी विभाग द्वारा लगातार विजय नगर, पलासिया एवं बायपास पर स्थित बारों का निरीक्षण जारी रहेगा एवं बारों में पायी गयी शिकायतों पर विधिवत कार्यवाही जारी रहेगी। कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी के आदेश पर आबकारी विभाग द्वारा विभिन्न बारों में सघन निरीक्षण हेतु विशेष दल का गठन किया गया है, जो सतत रूप से बारों पर निगरानी रखे हुए है।
