4 राज्यों में हो गई है कांटे की टक्कर

देश के 15 राज्यों में राज्यसभा की 57 सीटों के लिए होने वाले चुनावों में चार राज्यों राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में कांटे की टक्कर होगी। इन राज्यों में तय सीटों से ज्यादा उम्मीदवार होने से चुनाव होना तय है। भाजपा ने चारों राज्यों में अपनी संख्या से तय जीत वाली सीटों के अलावा एक-एक अन्य उम्मीदवार उतार कर और समर्थन देकर विपक्षी खेमे खासकर कांग्रेस के लिए दिक्कतें बढ़ा दी हैं। ऐसे में बाजी जीतने के लिए सेंधमारी की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।

राज्यसभा चुनावों में भाजपा ने इन चारों राज्यों में चार केंद्रीय मंत्रियों की बतौर चुनाव प्रभारी नियुक्ति कर साफ कर दिया है कि वह जीतने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने वाली है। भाजपा की इस तैयारी से विपक्षी खेमा सतर्क हो गया है। भाजपा नेतृत्व ने राजस्थान में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा में गजेंद्र सिंह शेखावत, कर्नाटक में जी. किशन रेड्डी और महाराष्ट्र में अश्विनी वैष्णव को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। हरियाणा में राज्यसभा की दो सीट पर चुनाव होने हैं और तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। जीत के लिए 31 विधायकों की जरूरत है। भाजपा के पास अपने 41 विधायक हैं और उसके उम्मीदवार कृष्ण लाल पंवार 31 वोट हासिल कर आराम से जीत सकते हैं। कांग्रेस के पास भी 31 विधायक हैं और उसके उम्मीदवार अजय माकन भी पूरे वोट मिलने पर जीत जाएंगे। मगर, एक भी वोट खिसकने पर भाजपा व जजपा समर्थित उम्मीदवार निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा के साथ मामला फंस जाएगा। चूंकि, कार्तिकेय के रिश्ते कांग्रेस में रहे हैं, उनके पिता एवं परिवार के लोग कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। ऐसे में माकन के लिए भी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.