दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले की यूपी व राजस्थान में तलाश

नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर भागे आरोपित कल्लू राठौर की तलाश मुरैना के अलावा उत्तरप्रदेश, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा तक में चल रही है। क्राइम ब्रांच की चार टीमों के अलावा दो अलग टीमें लगी हैं। मुरैना में जहां वह दिखा था, वहां पूछताछ करने के अलावा मुरैना में सीसीटीवी कैमरे देखने के लिए गुरुवार को फिर एक टीम पहुंची। इसके अलावा उत्तरप्रदेश, पंजाब, राजस्थान और हरियाणा में उसके परिचितों से पूछताछ के लिए टीम पहुंची है। हाइवे पर टोल नाके से लेकर अलग अलग शहरों के बस स्टैंड, ढाबे, पेट्रोल पंप पर पुलिस उसके पोस्टर लेकर घूम रही है। जिससे आरोपित के बारे में सुराग मिल सके। लेकिन घटना के पांच दिन बाद भी उसका कोई ठोस सुराग नहीं लग सका है। सायबर सेल की भी एक टीम इस मामले में लगी है।26 जून से लापता 9 वर्षीय मासूम बच्ची की लाश 28 जून को सुबह शताब्दीपुरम ओवरब्रिज के नीचे झाड़ियों में मिली थी। बच्ची के साथ कल्लू राठौर ने पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी हत्या कर दी। बच्ची के मुंह और सिर पर भारी पत्थर पटके, जिससे बच्ची का मुंह व सिर कुचल गया। आरोपित कल्लू राठौर घटना के बाद से ही फरार है। वह ग्वालियर से मुरैना की तरफ भागा है। मुरैना में वह देखा गया था। इसकी पुष्टि पुलिस अफसरों ने वहां जब पूछताछ की तो हुई। वह मुरैना से आगरा होते हुए अलीगढ़, हाथरस की तरफ भागने की जानकारी पुलिस को मिली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.