निकली आदिकुमार की भव्य बारात, इंद्र-इंद्राणी नाचे सड़कों पर

इंदौर। एयरपोर्ट रोड स्थित अंजनी नगर के पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पर चल रहे आदिनाथ जिनबिम्ब पंचकल्याणक महामहोत्सव में आदिकुमार की बारात भव्य जुलूस के रूप में गजराज के साथ निकाली गई, जिसमें इंद्र-इंद्राणी बने समाज बंधु अपनी परंपरागत वेशभूषा में नाचते-गाते हुए शामिल हुए। समाज बंधुओं ने भी पूरे मार्ग पर नृत्य करते हुए अपनी खुशियां व्यक्त की।
पंचकल्याणक समिति के मंत्री दिलीप लुहाड़िया एवं हेमंत गादिया ने बताया कि भगवान का जलाभिषेक कर शांति धारा की गई। दोपहर में तप कल्याणक की सभी क्रियाएं प्रतिष्ठाचार्य, अजीत जैन एवं नितिन झांझरी ने संपन्न कराई। सुबह बैंडबाजों के साथ आदिकुमार की बारात निकली तो समूचा क्षेत्र बारातियों और घरातियों की तरह बन गया। इंद्र-इंद्राणी बग्घियों में विराजित होकर शामिल हुए। समाजबंधुओ के अलावा अन्य समाजों के लोग भी इस बारात में नाचते-गाते हुए शामिल हुए। मुनिश्री आदित्य सागर म.सा. ने अपने आशीर्वचन में तप कल्याणक की महत्ता बताते हुए यह भी बताया कि तप से जीवन में किस तरह कल्याण और उद्धार होता है। शाम को आरती में कुम्मी बुआ एवं निर्भय-लता कासलीवाल परिवार ने आरती की। संचालन किया अक्षय काला ने और अंत में आभार माना देवेन्द्र सोगानी ने।
