यूरोप में गर्मी से 1700 लोगों की मौत

स्पेन/पुर्तगाल। पूरा यूरोप भीषण गर्मी की आग में तप रहा है, एयरपोर्ट के रनवे पिघल रहे हैं, रेलवे ट्रैक फेल और सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। स्पेन और पुर्तगाल में मरने वालों की संख्या 1700 के करीब पहुंच गई है। वहीं सोशल मीडिया पर इसे लेकर अफवाहों और भ्रामक जानकारियों का बाजार भी गर्म है। इस बीच सोशल मीडिया पर ट्रेन के सिग्नल की एक ऐसी फोटो शेयर की जा रही है जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि यह सिग्नल भीषण गर्मी के कारण पिघल गया है। हालांकि इसकी सच्चाई कुछ और ही है।


दरअसल, रेलवे सिग्नल की यह तस्वीर ब्रिटेन के बेडफोर्डशायर के सैंडी शहर की है। एक तस्वीर में पिघले हुए सिग्नल को देखा जा सकता है, जिसे वायरल किया जा रहा है। हालांकि इस घटना स्थल की एक और तस्वीर भी है जिसमें दिखता है कि वहां आग लगी थी। इसकी वजह से ही यह सिग्नल पिघला है और रेलवे ट्रैक भी प्रभावित हुआ है। लंदन के कुछ हिस्सों में जंगल की आग में कई घर नष्ट हो गए हैं। ज्यादातर देशों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। इससे पहले सबसे ज्यादा तापमान 2019 में 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि पारा अभी भी इसके ऊपर जा सकता है। विशेषज्ञों का दावा है कि अगर कार्बन उत्सर्जन कम नहीं किया, तो हालात इससे ज्यादा बुरे हो जाएंगे। ब्रिटेन में गर्मी से हालात इतने बिगड़ गए हैं कि वहां का ट्रांसपोर्ट व्यवस्था बिगड़ गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.