मेडल पर निशान ! सीबीएसई नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप में उतर रहे है इंदौर के तीन धुरंधर
अनय, जयदीप और राधिका कर रहे इंदौर का नेतृत्व

प्रयास न्यूज,इंदौर। उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित होने वाली द्वितीय सीबीएसई नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में इंदौर के तीन प्रतिभाशाली फेंसिंग खिलाड़ी अनय उपाध्याय, जयदीप वर्मा और राधिका सहित अन्य खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत अनय उपाध्याय, जयदीप वर्मा और राधिका ईपी (Epee) इवेंट में हिस्सा लेंगे। तीनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी के लिए नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास किया है। खिलाड़ियों का मानना है कि वे राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपने विद्यालय और इंदौर का नाम रोशन करेंगे।
कोच मास्टर सईद आलम ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ी मेहनत की है। प्रशिक्षण के दौरान उनकी तकनीक, फिटनेस, फुटवर्क और मुकाबले की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर के खिलाड़ियों से सीखने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं।
विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. प्रिया शर्मा ने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
तीनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और शहर का गौरव बढ़ाएंगे।
