यशवंत सिन्हा होंगे विपक्ष के उम्मीदवार

नई दिल्ली (ब्यूरो)। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को लेकर आज भाजपा संसदीय दल की बैठक होने जा रही है। वहीं अटल सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा विपक्ष के उम्मीदवार हो सकते हैं।
जुलाई में देश को नया राष्ट्रपति मिलने वाला है। ऐसे में हर किसी की नजर राष्ट्रपति पद के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर टिकी हुई है। इस बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी ने राष्ट्रपति चुनावों के लिए उम्मीदवारी के विपक्ष के प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। बता दें कि उनको मिलाकर अब तक विपक्ष के चार संभावित उम्मीदवारों ने विपक्षी पार्टियों का प्रस्ताव ठुकराया है। वहीं एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आह्वान पर मंगलवार को विपक्ष की दूसरी बैठक होनी है। गोपाल कृष्ण गांधी ने राष्ट्रपति पद के चुनावों के लिए उम्मीदवार के रूप में अपने नाम पर विचार करने के लिए विपक्षी नेताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए राष्ट्रीय आम सहमति बनानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कई और भी नेता होंगे जो इसे मुझसे बेहतर करेंगे।
कई दिग्गज नेताओं के इनकार करने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा का नाम चर्चा में है। अब गैर-भाजपा दल आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए संभावित संयुक्त उम्मीदवार के रूप में उनके नाम पर विचार कर रहे हैं।
