कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, 24 घंटे में 2300 से ज्यादा नए बीमार, एक्टिव केस भी 7000 के पार

नई दिल्ली दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि का सिलसिला लगातार जारी है और पिछले तीन दिन से लगातार 2 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। दिल्ली में शनिवार को जहां संक्रमण के 2300 से अधिक नए मामले सामने आए, वहीं 1 मरीज की मौत हो गई। दिल्ली में आज पॉजिटिविटी रेट करीब 14 फीसदी पर आ गया है और कोरोना के एक्टिव केस भी बढ़कर 7000 के पार निकल गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटे में जहां कोरोना के 2311 नए मरीज मिले हैं, वहीं 1 मरीज को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसके साथ ही आज 1837 मरीज पूरी तरह ठीक होकर कोरोना मुक्त हो गए। दिल्ली में अब पॉजिटिविटी रेट 13.84 फीसदी पर आ गया है। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि दिल्ली में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 19,67,104 हो गई है और कोरोना वायरस संक्रमण के एक्टिव केस 6876 पर आ गए हैं। इसके साथ ही, अब तक कुल 19,33,427 मरीज इस महामारी को मात देकर ठीक भी हो चुके हैं। वहीं अब तक कुल मृतकों का आंकड़ा 26,328 पर पहुंच गया है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे में दिल्ली में कुल 16,702 टेस्ट किए गए, जिनमें 11,773 आरटी-पीसीआर और 4929 रैपिड एंटीजन टेस्ट थे। इसके साथ ही अब यहां कंटेनमेंट जोन की संख्या भी अब 217 हो गई है। गौरतलब है कि, शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना के 2419 नए मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में 11.84 प्रतिशत की सकारात्मकता दर के साथ कोरोना के 2,202 नए मामले दर्ज किए थे।
