Sunday Health – शरीर को मिलेगा पोषण

सावन के महीने की शुरुआत से ही पूरे देश में त्यौहारों का मौसम शुरू हो चुका है। हिंदू कैलेंडर के अनुसार हरतालिका तीज, रक्षाबंधन जैसे कई त्यौहार सावन के महीने में मनाए जाते हैं। कई लोग सावन के महीने में व्रत भी रखते हैं। हिंदू परिवारों में बहुत सारे लोग सावन के प्रत्येक सोमवार को व्रत रखते हैं

। व्रत के दौरान सिर्फ सात्विक भोजन करने की सलाह दी जाती है। इस दौरान प्याज, लहसुन और कई तरह के मसालों का सेवन करना वर्जित माना जाता है। व्रत के दौरान क्या खाना चाहिए और क्या नहीं, इस कंफ्यूजन में कई लोग केवल फल खाकर ही व्रत रखते हैं। पूरा दिन सिर्फ फल और चाय, कॉफी जैसी चीजों के सहारे रहने से कई बार कमजोरी और सिरदर्द जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए आज हम आपके लिए लेकर आए हैं, एक सात्विक थाली। हम आपको बताएंगे कि व्रत के दौरान आप अपनी थाली में किन चीजों का सेवन कर सकते हैं और इससे शरीर को होने वाली कौन सी परेशानियों से बचा जा सकता है।
व्रत के दौरान मखाना का सेवन भी किया जाता है। आप चाहें तो चाय के साथ भुने हुए मखाने खा सकते हैं या लंच और डिनर के लिए इसकी सब्जी बना सकते हैं। मखाने में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है, जिसका सेवन करने के बाद आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। व्रत के दौरान कई लोग सिंघाड़े के आटे का सेवन करते हैं। सिंघाड़ा एक फल है, इसलिए व्रत में इसका सेवन करना अच्छा माना जाता है। व्रत रखने से कई लोगों को सिर में दर्द और कमजोरी जैसी समस्या होती है। ऐसे लोग सिंघाड़े के आटे से बनी रोटी या पकौड़ों का सेवन कर सकते हैं। इसमें मैग्नीशियम, विटामिन-बी, आयरन, कैल्शियम, फॉलेट, जिंक, कॉपर, मैग्नीज और फास्फोरस अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। व्रत के दौरान अगर आप नाश्ते में सिंघाड़े के आटे से बनी रोटी या पकौड़े खाते हैं, तो इससे आपको पूरा दिन पेट भरा हुआ महसूस होता है। सिंघाड़े के आटे का सेवन करने से बॉडी में एनर्जी बनी रहती है।
साबूदाने का सेवन व्रत के दौरान किया जा सकता है। व्रत के दौरान आप अपनी थाली में साबूदाना खिचड़ी को शामिल कर सकते हैं। ये एक स्वादिष्ट भोजन है, जो आपको पूरा दिन ऊर्जावान बनाए रखने में मददगार साबित होता है। साबूदाना की खिचड़ी में प्रोटीन और मैग्नीशियम की अच्छी मात्रा पाई जाती है। व्रत के दौरान कई लोगों को पेट में दर्द, कब्ज, जी मिचलाने और पेट फूलने जैसी समस्याएं होती हैं। साबूदाना खिचड़ी आपको इनसे राहत दिलाने में मदद कर सकती है। साबूदाने का सेवन पाचन संबंधित समस्याओं को दूर कर सकता है।
व्रत के दौरान कई लोग सिर्फ मीठा खाते हैं।, ऐसे में वो मखाने या साबूदाने की खीर ट्राई कर सकते हैं। मखाना और साबूदाना दो ऐसे खाद्य पदार्थ हैं, जिनका सेवन करने से पूरा दिन एनर्जी लेवल बना रहता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.