बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का इंदौर में फूलों से किया स्वागत

 हाथों में नर्मदा के जल से भरी कावड़ और मुख पर बोल बम का उद्घोष। भगवा ध्वजा से सजे मार्ग में भगवा वेशधारियों पर विभिन्न मंचों से होती फूलों की वर्षा। यह दृश्य था शुक्रवार को इंदौर के विभिन्न मार्ग का। अवसर था महेश्वर से शुरू हुई बाणेश्वरी कावड़ यात्रा का अहिल्या की नगरी के मध्य से गुजरने का। इसमें शिव महिमा का गुणगान करती चार झांकियों के साथ भजनों पर थिरकते श्रद्धालु भी आकर्षण का केंद्र थे।


उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए पिछले सावन सोमवार को महेश्वर से शुरू हुई यात्रा शुक्रवार को इंदौर के अन्नपूर्णा मंदिर पहुंची। यहां चुनरी समर्पण के बाद मंदिर के पुजारी ने चुनरी एवं श्रीफल भेंट किए। इसके बाद केसरिया वस्त्रों में रंग-बिरंगी कावड़ को कांधे पर लादे श्रद्धालु बोल बम का उद्घोष करते हुए महूनाका चौराहे पहुंचे, जहां विभिन्न मंचों से कावड़ यात्रियों का स्वागत किया गया। कावड़ यात्रा ने सुबह से दोपहर तक इंदौर के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र को शिवमय बनाए रखा। कावड़ियों ने राजवाड़ा पहुंचकर देवी अहिल्या का दुग्धाभिषेक किया। शाम को कावड़िये मरीमाता चौराहे से मौनी बाबा आश्रम होते हुए रेवती रेंज पहुंचे जहां रात्रि विश्राम होगा।

सोमवार को करेंगे बाबा का जलाभिषेक – शनिवार सुबह पंथपिपलई और रविवार को पंथ पिपलई से उज्जैन पहुंचकर रात्रि विश्राम होगा। सोमवार को बाबा महाकालेश्वर का जलाभिषेक कर सभी श्रद्धालु भस्म आरती में शामिल होंगे। इसके बाद प्रदेश में खुशहाली एवं सुख, शांति, समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे। यात्रा संयोजक गोलू शुक्ला व दीपेंद्र सोलंकी ने बताया कि यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक आकाश विजयवर्गीय, मालिनी गौड़, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.