इंदौर। नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव आज सुबह राजबाड़ा पहुंचे और देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्री भार्गव ने कहा कि मां अहिल्या प्रथम पूज्यनीय हैं और न्याय प्रिय शासक रहीं। उन्हें प्रणाम कर शहर के विकास और नागरिकों के हित के लिए काम करेंगे। विजय जुलूस को लेकर भार्गव बोले कि यातायात की समस्या पहले ही शहर में है इसलिए जुलूस नहीं निकाला जाएगा। भार्गव ने महालक्ष्मी मंदिर में भी दर्शन किए और यहां कई व्यापारियों और वरिष्ठजनों से मुलाकात भी की।
तीन दिन पहले नगर निगम चुनाव की मतगणना के बाद भाजपा के प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव शहर के नए महापौर बन गए। लगातार 5वीं बार भाजपा की सरकार शहर में बनी है। हालांकि पार्षद संख्या पिछली बार की अपेक्षा एक कम हो गई है। 64 पार्षद भाजपा के जीते है। अब जहां शपथ समारोह, एमआईसी के गठन की चर्चा पूरे शहर में चल रही है। वहीं भार्गव ने आज सुबह देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कहा कि विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। शहर में यातायात की समस्या बड़ी समस्या है और नागरिक जुलूस से परेशान होंगे। भार्गव ने आगे कहा कि शहर हित के लिए भाजपा की परिषद लगातार काम करेगी। माल्यार्पण करने वालों में मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, विधायक गोपी नेमा, मधु वर्मा के अलावा पार्षद बरखा मालू, सुरेश कुरवाड़े, कमलेश काबरा, प्रशांत बड़वे, संध्या यादव, अश्विन शुक्ल, पूजा पाटीदार, लाल बहादुर वर्मा, नंदकिशोर पहाड़िया, बबलू शर्मा, संध्या जायसवाल, भरत रघुवंशी आदि मौजूद रहे।