इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने दिलाया 80वर्षीय बुजुर्ग को न्याय , पुत्र करता था प्रताड़ित

इंदौर । अपने पुत्र से परेशान तथा उसके दुर्व्यवहार से प्रताड़ित एक 80 साल के बुजुर्ग को कलेक्टर मनीष सिंह ने न्याय दिलाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी की । कलेक्टर सिंह के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग द्वारा चलाये जा रहे अभियान के तहत जीने का नया सहारा मिला।इस बुजुर्ग को भरण-पोषण के लिये अब उसके पुत्र ने दो हजार रूपये प्रतिमाह देने का वचन दिया और लिखित में सहमति दी कि अब वह इस बुजुर्ग को परेशान नहीं करेगा तथा पूरी तरह आपसी सौहार्द बनाये रखेगा।
सामाजिक न्याय विभाग की संयुक्त संचालक सुचिता तिर्की बेक ने बताया कि इंदौर जिले के महू तहसील के ग्राम किशनगंज स्थित निधि नगर में रहने वाले सोहनलाल वैद्य ने आवेदन देकर न्याय की गुहार की थी। इस आवेदक ने बताया कि मेरी उम्र 80 वर्ष है और मेरे साथ मेरा पुत्र देवेन्द्र वैद्य दुर्व्यवहार कर प्रताड़ित कर रहा है।
इस आवेदक ने भरण-पोषण के दो हजार रूपये प्रतिमाह की मांग भी की थी। इस आवेदन पर वरिष्ठ नागरिक परामर्श कल्याण संघ द्वारा दोनों पक्षों से प्रकरण के संबंध में चर्चा की गई और आपसी सहमति से तय किया गया कि पुत्र देवेन्द्र दो हजार रूपये प्रतिमाह भरण-पोषण देगा। किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं करेगा और शांति बनाये रखेगा।
