बड़ी खबर : हवाई यात्रियों की परेशानियां होगी खत्म, भारत सरकार की एयरपोर्ट अथॉरिटी जल्द आएगी इंदौर एयरपोर्ट

- इंदौर सांसद लालवानी मिले केंद्रीय उड्डयन मंत्री नायडू से - एयरपोर्ट पर यात्रियों को हो रही समस्याओं की दी जानकारी

प्रयास न्यूज, इंदौर । इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानियों और बढ़ती यात्रियों की संख्या को लेकर सांसद शंकर लालवानी ने नई दिल्ली में नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात की। इस बैठक में एयरपोर्ट से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। सांसद लालवानी ने इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों को आ रही समस्याओं को नायडू के सामने रखा ।

सांसद लालवानी ने बताया कि इंदौर एयरपोर्ट पर पार्किंग एरिया , टर्मिनल में प्रवेश के दौरान लंबी कतारें लग जाती हैं, क्योंकि एक ही समय पर कई फ्लाइट्स का शेड्यूल रहता है। साथ ही सुरक्षा जांच के दौरान भी यात्रियों को काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जिससे असुविधा बढ़ जाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि जब एक साथ कई फ्लाइट्स आती हैं, तब एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं रहती। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है, जिन्हें खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है।

बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि एयरपोर्ट पर रात के समय चल रहे रनवे के कारपेटिंग कार्य के कारण कई बार फ्लाइट संचालन प्रभावित होता है और देरी की स्थिति बनती है। साथ ही एयरपोर्ट परिसर में सीमित जगह होने के बावजूद अलग-अलग ऑफिस स्पेस विकसित किए जाने से ऑपरेशनल एरिया कम हो रहा है, जबकि यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है।

सांसद लालवानी ने केंद्रीय मंत्री को सुझाव दिया कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इंदौर एयरपोर्ट के डेवलपमेंट प्लान में यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट पर उपलब्ध स्थान का बेहतर और व्यावहारिक उपयोग करते हुए पार्किंग, वेटिंग एरिया, सिक्योरिटी चेक और टर्मिनल एंट्री जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जाना चाहिए।

नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने लालवानी से चर्चा के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि एयरपोर्ट अथॉरिटी के ऑपरेशन डायरेक्टर और प्लानिंग डायरेक्टर स्वयं अगले सप्ताह इंदौर का दौरा करें। वे स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर मौके पर सभी व्यवस्थाओं का अध्ययन करेंगे और एक विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगे।

 सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि मंत्री नायडू ने आश्वासन दिया कि इस रिपोर्ट के आधार पर इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक समाधान किए जाएंगे, ताकि आने वाले समय में इंदौर से हवाई यात्रा और अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.