इस बार ऐतिहासिक और भव्य रहेगा शाजापुर का दशहरा महोत्सव

वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में युवाओं की टोली कर रही धन संग्रह

जोश, उत्साह और समर्पण की मिसाल साबित हो रहा धन संग्रह अभियान 

– विजयादशमी पर्व के लिए पैदल नगर भ्रमण कर रही कार्यकर्ताओं की टोली

सागर गौड, शाजापुर। सनातन हिंदू संस्कृति का प्रमुख त्यौंहार विजयादशमी पर्व आने में वैसे तो अभी एक पखवाड़े का समय शेष है, लेकिन उत्सव को इस बार एतिहासिक महोत्सव का रुप देने के लिए पर्व के एक माह पूर्व से ही कार्यकर्ताओं की टोली जबर्दस्त जोश, उत्साह और समर्पण के साथ तैयारियों में जुट चुकी है।

तैयारियों के प्रथम चरण के अंतर्गत नगर की सर्व हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष पं.आशीष नागर सहित समस्त संरक्षकों व पदाधिकारियों द्वारा दशहरा उत्सव समिति पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। जिसमें सर्वसहमति से दशहरे के अध्यक्ष के रूप में दीपक चौहान, सचिव मनीष सिसोदिया, कोषाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति तथा सहसंयोजक के पद पर जलज ठाकुर को नियुक्त किया गया। समस्त नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करते हुए पर्व की रूपरेखा तय की और आयोजन को इस वर्ष भव्य और एतिहासिक रूप देने के लिए सभी ने एक स्वर में अपना समर्पित योगदान देने पर सहमति जताई। इसके पश्चात दशहरे की भव्यता हेतु विगत 15 दिन पूर्व सर्व हिंदू उत्सव समिति एवं दशहरा उत्सव समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा नगर में धन संग्रह अभियान का श्रीगणेश किया गया। जिसके अंतर्गत नगर के प्रत्येक प्रमुख बाजारों, मोहल्लों व कालोनियों में भ्रमण करते हुए कार्यकर्ताओं की टोलियों ने जन सहयोग प्राप्त किया। इस दौरान समाज के कार्य में योगदान देने के लिए जोश और उत्साह से जुटे कार्यकर्ताओं का समर्पण भाव इतना प्रबल दिखाई दिया कि उन्होंने धन संग्रह के लिए कई किलोमीटर पैदल चलने में भी परहेज़ नहीं किया और दृढ़ संकल्प के साथ राम काज में जुटकर प्रतिदिन भीषण उमसभरी गर्मी और तपती धूप का सामना करते हुए भी निरंतर अपने कर्तव्य पथ पर अग्रसर होकर कार्य को गति प्रदान करते रहे। योजनानुसार कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित दुकानदारों तक पहुंचकर ना केवल उनसे इस महोत्सव का भागीदार बनने के लिए संपर्क किया बल्कि परंपरागत सहयोग प्राप्त करते हुए उन्हें दशहरा पर्व में ससम्मान आमंत्रित भी किया। इस वर्ष दशहरे पर्व की बागडोर अध्यक्ष के रूप में प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक चौहान तथा सचिव के रूप में जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष सिसोदिया के हाथों में होने से कार्यकर्ताओं की टोली में अनेक चेहरे एसे भी शामिल हुए जो धन संग्रह अभियान तथा दशहरा पर्व का पहली बार हिस्सा बनते नजर आए। पुराने कार्यकर्ताओं के अनुभव और नए सदस्यों की उपस्थिति का असर धन संग्रह में भी बखूबी दिखाई दिया। यही कारण रहा कि धन संग्रह के दौरान कार्यकर्ताओं की भीड़ भरी संख्या ने प्रमुख बाजारों में कुछ पलों के लिए जाम तक की स्थितियां निर्मित कर दी। पर्व की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं के जूनून को इस तरह सड़कों पर देखकर आम शहरवासी भी उत्साहित होते नजर आए। इसके साथ ही बीते एक पखवाड़े से कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित तैयारियों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि इस वर्ष शहर का दशहरा कई नई सौगातों के साथ नगर के लिए एक अद्भुत, अविस्मरणीय और एतिहासिक स्वरूप धारण करता दिखाई देगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.