अवैध उत्खनन को लेकर खनिज विभाग सक्रिय

अवैध उत्खनन / परिवहन करते हुए कुल 26 वाहन जप्त

प्रयास न्यूज,देवास । कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा दिए गए निर्देश के परिपालन में खनिज विभाग, राजस्व तथा पुलिस विभाग द्वारा खनिज के अवैध उत्खनन परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक दिनांक 30 मई 2025 से दिनांक 05 जून 2025 तक लगातार खनिज विभाग, राजस्व तथा पुलिस विभाग के सहयोग से खनिज के अवैध उत्खनन परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है।


उन्होंने बताया कि 30 मई को नेमावर के मसानिया घाट से पांच ट्रेक्टर-ट्रॉली, सतवास के राजोर घाट से 01 ट्रेक्टर-ट्रॉली व सतवास के ही फतेहगढ़ घाट से 10 ट्रेक्टर-ट्रॉली जप्त किए। इसी प्रकार दिनांक 04 जून को नेमावर घाट से एक ट्रेक्टर-ट्रॉली, चौबाराधीरा से एक जेसीबी तथा एक ट्रेक्टर का जप्त किया। इसी प्रकार दिनांक 05 जून को सतवास के तमखान-रवलास घाट से 05 ट्रेक्टर-ट्रॉली तथा फतेहगढ़ घाट से 02 ट्रेक्टर-ट्रॉली जप्त किए हैं।

जप्त वाहनों पर म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के अध्याय -5 के नियमानुसार नियम 18 तथा नियम 19 के तहत प्रकरण दर्ज कर माननीय कलेक्टर न्यायालय में अर्थदंड अधिरोपित किये जाने हेतु प्रेषित किये जायेंगे। उक्त कार्यवाही जिले में अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा भण्डारण तथा ओव्हरलोड अवैध परिवहन में लगातार जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.