संजय शुक्ला ने जारी किया अपना दृष्टि पत्र

इंदौर। नगर निगम चुनाव में अब प्रचार, जनसंपर्क समाप्ति की ओर है। कांग्रेस ने आज अपना वचन पत्र और दृष्टि पत्र जारी कर दिया। पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा और संभागीय चुनाव प्रभारी विजयलक्ष्मी साधौ की मौजूदगी में महापौर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने वचन पत्र और दृष्टि पत्र जारी किए। नागरिकों को नि:शुल्क जल, स्वच्छता शुल्क का युक्तियुक्तकरण, मास्टर प्लान 2035, मेंटेनेंस शुल्क से मुक्ति, सुगम यातायात, संपत्तिकर में विशेष छूट ट्रेड लाइसेंस फ्री, हर वार्ड में स्वास्थ्य केन्द्र, पीली गैंग से मुक्ति, सड़क कारोबारियों का सम्मान, कर्मचारियों को नियमित करना जैसी योजनाएं शुरू करने की बात कांग्रेस ने कही।

वचन पत्र और दृष्टि पत्र जारी करने के दौरान शहर विकास और नागरिकों के हित में जहां कई नए काम और सुधार कार्य करने की बात कांग्रेसजनों ने कही। वहीं प्रत्याशी शुक्ला ने कहा कि वे यदि महापौर बनते है तो शहर में 5 फ्लाय ओवर अपने पैसों से बनवाएंगे। साथ ही कोरोनाकाल में शहर में जो मरीज संक्रमित हुए उन्हें 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी स्वयं करेंगे। वचन पत्र में कई घोषणाएं हैं। शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार ने 20 साल में जनता के हित में कुछ नहीं किया। मुख्यमंत्री इन दिनों नेताओं और जनता को डरा रहे है। वहीं कई वरिष्ठ नेताओं के बयानों से जाहिर है कि भाजपा निगम चुनाव हार रही है। वचन पत्र, दृष्टि पत्र जारी करने के दौरान पूर्व मंत्री, विधायक जीतू पटवारी, पूर्व महिला प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, वरिष्ठ नेता सुरेश मिंडा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष फौजिया अलीम आदि मौजूद रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.