नेपाल के प्रधानमंत्री इंदौर पहुंचे , सीएम शिवराज ने भी नेपाली टोपी पहनी
प्रचंड का इंदौर की धरती पर ऐतिहासिक स्वागत हुआ
प्रयास न्यूज इंदौर । नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ आज इंदौर पहुँचे । विमान तल पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आत्मीय व्यवहार से अभिभूत नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड ने कहा कि ऐसा लग ही नहीं रहा है कि वे उनसे पहली बार मिले हैं। आज इंदौर पहुँचने पर नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड और उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का भावभीना स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस अवसर पर कहा कि भारत और नेपाल अत्यंत प्राचीन राष्ट्र हैं। भारत और नेपाल भले ही दो शरीर हों पर सांस्कृतिक रूप से वे एक हैं। दोनों का सांस्कृतिक वैभव, सभ्यता और संस्कार एक जैसे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध आने वाले दिनों में और भी प्रगाढ़ होंगे।

एयरपोर्ट पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला तथा महेन्द्र हार्डिया सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रधानमंत्री प्रचंड के साथ अन्य अतिथि भी इंदौर पहुँचे। इनमें गंगा दहल, नेपाल के विदेश मंत्री नारायण प्रकाश सोद सहित अन्य मंत्रीगण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री प्रचंड के आगमन के अवसर पर मध्यप्रदेश के सांस्कृतिक परिदृश्य का प्रदर्शन किया गया। निमाड़ का गणगौर और साथ में भगोरिया के उल्लासपूर्ण नृत्य के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। इंदौर के युवाओं के श्री स्वर ध्वज पथक के 50 सदस्यीय दल ने ढोल-तासों और केसरिया ध्वज के साथ उद्घोष करते हुए प्रधानमंत्री प्रचंड का स्वागत किया। बालिकाओं द्वारा कथक नृत्य से भी अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने भी नेपाली टोपी पहन नेपाल के प्रधानमंत्री का मन मोह लिया ।
