भोपाल जिला प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने की तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा

आजादी के अमृत महोत्सव में 13 से 15 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान में सभी घरों में तिरंगा लगायें। अभियान से युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के ऐसे इतिहास के बारे में जानकारी मिलेगी, जिससे वे अभी तक अंजान हैं। नगरीय विकास एवं आवास तथा भोपाल जिला प्रभारी मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने यह बात कलेक्ट्रेट में “हर घर तिरंगा” अभियान के क्रियान्वयन की तैयारियों की समीक्षा में कही।
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में डेढ़ करोड़ घरों में तिरंगा लगाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को सभी मिल कर पूरा करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि शिक्षक, बच्चों को स्वतंत्रता आंदोलन के बारे में बतायें।
सोशल मीडिया की प्रोफाइल पिक्चर में तिरंगा
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सभी लोग सोशल मीडिया की प्रोफाइल और डी.पी. में तिरंगा लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यक्रम का सबसे बड़ा संदेश यही है कि प्रत्येक देशवासी अपने कर्त्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करे। हमारे अगले 25 साल का यह अमृत काल हर देशवासी के लिये कर्त्तव्य काल की तरह है। आजादी के अमृत महोत्सव पर राष्ट्र-भक्ति की भावना का यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। प्रदेश सरकार का संकल्प प्रदेश को तिरंगामय बनाना है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि धर्मगुरू, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, व्यापारी संगठन, एनजीओ और सामाजिक क्षेत्रों के लोगों के साथ मिल कर अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिये प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देने तिरंगा जरूर लगायें। यह उत्सव राष्ट्र-भक्ति और राष्ट्र-प्रेम से ओत-प्रोत है।
गुलामी का इतिहास पढ़ेंगे, तो आजादी का महत्व समझेंगे
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब गुलामी का इतिहास पढ़ेंगे, तो आजादी का महत्व समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिन देशों में लोकतंत्र नहीं है, वहाँ की स्थिति कैसी है, इसके बारे में जरूर जानें। इससे लोकतंत्र का महत्व समझने में सहूलियत होगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के भारत को विश्व गुरू बनाने के संकल्प में सहभागी बने। विधायक श्रीमती कृष्णा गौर, श्री रामेश्वर शर्मा और श्री विष्णु खत्री ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़ कर सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।
कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने कहा कि सभी संगठन के पदाधिकारी अपने-अपने समाज और संगठन की बैठक लेकर इस अभियान के बारे में बतायें। उन्होंने कहा कि तिरंगा नगर निगम के वार्ड कार्यालयों में भी उपलब्ध रहेगा। धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं और जन-प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़ कर इस अभियान में जुड़ने की बात कही। सभी ने कहा कि वे अपनी कॉलोनी और मोहल्ले के हर घर में तिरंगा लगवायेंगे।
