इंदौर। संभवत: यह पहला अवसर है जब प्रदेश में पहली बार इंदौर के गीता भवन में श्रावण मास के उपलक्ष्य में सवा लाख पंचमुखी रूद्राक्ष से निर्मित 13 फीट ऊंचे शिवलिंग का शुभारंभ श्रीधाम वृंदावन के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद सहित तीन संतों के सानिध्य में मुहूर्त के अनुसार किया गया।
तीनों संतों ने ही कहा कि वे अपने जीवन में पहली बार इस विशाल शिवलिंग का दर्शन और पूजन कर रहे हैं। तीनों संतों ने इसे इंदौर के भक्तों के लिए सौभाग्य का दुर्लभ अवसर बताया और कहा कि सावन में शिव की भक्ति का यह प्रेरक और स्वर्णिम मौका है, जो हमें घर बैठे मिल रहा है। वापी गुजरात से आए उत्सव चेरिटेबल ट्रस्ट के पं. विजय भाई शास्त्री एवं इंदौर के आचार्य पं. कल्याणदत्त शास्त्री के निर्देशन में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच समाजसेवी विनोद अग्रवाल एवं प्रेमचंद गोयल के आतिथ्य में महामंडलेश्वर स्वामी भास्करानंद ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद इस शिवलिंग का प्रथम पूजन अर्चन और अभिषेक किया।
इस अवसर पर संयोजक किशोर गोयल, राजेश बंसल, गीता भवन ट्रस्ट के अध्यक्ष राम ऐरन, मंत्री रामविलास राठी ने समाजसेवी टीकमचंद गर्ग, बालकृष्ण छाबछरिया, सुभाष गोयल बजरंग, पवन सिंघानिया, अरविंद बागड़ी, कुलभूषण मित्तल कुक्की, अजय आलूवाले, अरूण आष्टावाले, प्रमोद बिंदल, राजेन्द्र समाधान, हितेश बिंदल आदि का स्वागत किया। संयोजक किशोर गोयल ने बताया कि यह शिवलिंग आम भक्तों के लिए श्रावण मास में दर्शन-पूजन के लिए सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक नि:शुल्क खुला रहेगा। संचालन किशोर गोयल ने किया और आभार माना राम ऐरन ने।