सीएनजी के दाम में 23 रुपए की बढ़ोतरी

इंदौर। महंगाई की मार सह रहे लोगों के लिए बुरी खबर है। अब उन्हें सस्ता और सुलभ सफर नसीब नहीं होगा। पेट्रोलियम कंपनी ने सीएनजी की कीमत में 23 रुपए प्रतिकिलो की बढ़ोतरी कर दी है। पहले यह गैस 68 रुपए में मिलती थी, जो कल से 91 रुपए किलो मिलेगी।
इससे लोकसेवा वाहनों के किराए में बढ़ोतरी हो जाएगी। इससे सबसे ज्यादा प्रभावित मैजिक और वैन संचालक होंगे। ई-रिक्शा के शुरू होने से वैसे भी मैजिक और वैन की कमाई बुरी तरह प्रभावित हुई है।
पर्यावरण बचाने मैजिक, वैन, सिटी, सेवा सूत्र और आईबसें चल रही है। सभी लोकसेवा वाहन सीएनजी से दौड़ रहे हैं, जिससे काफी हद तक पर्यावरण में सुधार आ रहा है। सरकार भी सीएनजी से अन्य वाहन चलाने के लिए लोगों को जागरूक कर रही है। शहर में 8 से अधिक पेट्रोल पंपों पर सीएनजी की व्यवस्था है। जबकि, 2000 से अधिक वाहन सड़क पर दौड़ रहे हैं। मात्र 8 पंपों पर सीएनजी उपलब्ध होने से वाहन चालकों को लंबी कतार लगाना पड़ती है।
लंबी कतार व गैस महंगी होने से बचने निगम ने ट्रेंचिंग ग्राउंड पर गीले कचरे से सीएनजी उत्पादित करना शुरू कर दिया है। यहां अभी 50 से अधिक सिटी बसों में सीएनजी भरी जा रही है। आने वाले दिनों में सभी 400 बसें भराने लगेगी। ट्रेंचिंग ग्राउंड से निगम को गैस 50 रुपए किलो मिल रही है। इस तरह प्रत्येक किलो पर 18 रुपए की बचत होने लगी है। निजी पेट्रोल पंपों पर यह गैस 91 रुपए मिलने लगेगी, जिससे मैजिक व वैन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। मैजिक-वैन चालक नुकसानी की भरपाई यात्रियों से अधिक किराया वसूलकर करेंगे।
