कचोलिया ने दिग्गजों को हराया
इंदौर बार एसोसिएशन के चुनाव में नई कार्यकारिणी बनीं, महापौर ने दिए प्रमाणपत्र

इंदौर। इंदौर बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर गोपाल कचोलिया ने शानदार जीत हासिल कर दिग्गजों को हराकर सभी को चौंका दिया। छह बार के सचिव रहे कचोलिया ने अपने सामने तीन बार के अध्यक्ष रहे दिनेश पांडेय को हराकर तीसरे ही क्रम पर पहुंचा दिया।

बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर कल जिला कोर्ट परिसर में दिनभर गहमागहमी का वातावरण रहा। अध्यक्ष पद पर गोपाल कचोलिया ने 1041 वोट हासिल कर 65 वोट से जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी लखनलाल यादव को 976 वोट मिले जबकि निवृत्तमान अध्यक्ष दिनेश पांडेय को 730 वोट ही मिलें। यादव के साथ बार काउंसिल के सदस्य विवेकसिंह का समर्थन था जबकि पांडेय तीन बार के अध्यक्ष और पूर्व पार्षद तक रहे थे लेकिन यादव व पांडेय को शिकस्त का मुंह देखना पड़ा। उपाध्यक्ष मनोहरसिंह पंडितिया, सचिव पद पर घनश्याम गुप्ता, सहसचिव पर संदीप शर्मा व कोषाध्यक्ष पद पर रत्नेश पाल ने बाजी मारी।
रात को ही जिला कोर्ट परिसर में दीवाली जैसा जश्न मन गया। आतिशबाजी के बीच समर्थक खुशी से झूम उठें और एक गरिमामय कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वकीलों के आमंत्रण पर शिरकत कर सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र बांटे। इस दौरान मनोज द्विवेदी, जय हार्डिया सहित कई वकील उपस्थित थे।
—————————————————-
