उपग्रह से मिली तस्वीरों से हुआ खुलासा, मची खलबली

नई दिल्ली। डोकलाम में चीन की नई हरकत का खुलासा उपग्रह से ली गई तस्वीरों से हुआ है। चीन दोकलाम पहाड़ी के पास नया गांव बसा रहा है। अरुणाचल-भूटान बॉर्डर के पास डोकलाम में बीते दिनों चीनी घुसपैठ के बाद चीन की तरफ से गांव बसाने की जानकारी सामने आई थी। अब भूटान की ओर डोकलाम पहाड़ी के पूर्व में चीन के एक गांव के निर्माण का संकेत देने वाली नई उपग्रह तस्वीरें मंगलवार को सामने आई हैं। इस क्षेत्र को भारत के रणनीतिक हित के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
डोकलाम ट्राई-जंक्शन पर भारत और चीन की सेना के बीच 2017 में 73 दिनों तक गतिरोध बना रहा था, जब चीन ने उस क्षेत्र में एक सड़क का विस्तार करने की कोशिश की थी जिस पर भूटान ने दावा किया था। तस्वीरों में गांव के हर घर के पास पार्किंग तक मजबूत ढांचा नजर आ रहा है साथ ही हर घर के दरवाजे के बाहर एक गाड़ी खड़ी नजर आ रही है। यह गांव उस जगह से नौ किलोमीटर की दूरी पर है, जहां 2017 में भारतीय और चीनी सेना का आमना-सामना हुआ था। लेकिन मौजूदा समय में यहां के हालात बदल गए हैं और इन्हें आधुनिक तकनीकों से लैस किया गया है। नई सैटेलाइट तस्वीरों से संकेत मिला है कि चीन अमो चू नदी घाटी में भी दूसरा गांव बसा रहा है, जो अब लगभग पूरा हो गया है। वहीं चीन ने दक्षिण क्षेत्र में तीसरे गांव के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.