महापौर बोले – शहर में फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण युद्धस्तर पर , मिलेगा जल्द सुगम यातायात

निर्माण स्थलों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व कार्यों की समयसीमा पर विशेष जोर

–  शहर के फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश

प्रयास न्यूज, इंदौर । महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में बुधवार को सिटी बस कार्यालय में शहर में चल रहे फ्लाईओवर एवं ब्रिज निर्माण कार्यों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधायक मालिनी गौड़ सहित एम.पी.आर.डी.सी., आई.डी.ए., नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी और पी.डब्ल्यू.डी. जैसी प्रमुख निर्माण एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान सभी एजेंसियों ने महापौर को शहर में जारी फ्लाईओवर निर्माण कार्यों की स्थिति से अवगत कराया। क्रिस्टल आईटी पार्क चौराहा, देवास नाका, मुसाखेड़ी और रेतमंडी जैसे क्षेत्रों में ब्रिज निर्माण कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि मुसाखेड़ी फ्लाईओवर का निर्माण कार्य वर्ष 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि अन्य फ्लाईओवर निर्माण कार्यों को भी तय समयसीमा में पूर्ण करने का लक्ष्य है।

बैठक में कुछ स्थलों पर आ रही तकनीकी या भौगोलिक अड़चनों की जानकारी भी दी गई, जिस पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने संबंधित एजेंसियों को आगामी बैठक में समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा यातायात की सुगमता हेतु सर्विस रोड का निर्माण प्राथमिकता से किया जाए।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फ्लाईओवर निर्माण प्रारंभ करने से पूर्व यूटिलिटी सर्वे अनिवार्य रूप से किया जाए ताकि बाद में अनावश्यक विलंब से बचा जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने एवं समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने हेतु एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी एजेंसियां आपसी तालमेल से कार्य कर शहरवासियों को जल्द ही सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करेंगी।इस अवसर पर महापौर प्रतिनिधि भारत पारख सहित कई अधिकारी मौजूद रहे ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.