शिंदे गुट के बगावती विधायक अब 5 जुलाई तक गुवाहाटी में ही रहेंगे

गुवाहाटी (एजेंसी)। महाराष्ट्र शिवसेना से बगावत कर आसाम के गुवाहाटी में 5 सितारा होटल में आराम फरमा रहे शिवसेना के 39 विधायकों पर अब तक 5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हो चुके हैं। दूसरी ओर उच्चतम न्यायालय द्वारा 11 दिन बाद सुनवाई को लेकर लगी तारीख के बाद बगावती विधायकों ने अब होटल में अपनी बुकिंग 5 जुलाई तक और बढ़ा दी है। यानी तब तक लगभग 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च विधायकों पर हो चुका रहेगा। जिस होटल में विधायक ठहरे हैं वह गोवाहाटी की सबसे महंगी 5 सितारा होटल में शामिल है।
महाराष्ट्र में सत्ता को लेकर चल रहे संग्राम में अब फैसले का समय हर दिन बढ़ रहा है। उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा में डिप्टी स्पीकर द्वारा विधायकों को अयोग्यता का नोटिस देने के बाद विधायकों ने उच्चतम न्यायालय की शरण ली थी। अब इस मामले में 11 जुलाई को फैसला होना है। दूसरी ओर भाजपा अघाड़ी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रही है ताकि विधायकों को अयोग्य घोषित होने से पहले ही सरकार गिरा दी जाए। दूसरी ओर बागी विधायक मुंबई से वाल्वो बस लेकर पहले सूरत की 5 सितारा होटल में ठहरे थे। इसके बाद विधायकों की संख्या 39 के पार पहुंचने के बाद सभी विधायक आसाम के गोवाहाटी के लिए चार्टर्ड विमान से चले गए। अब यहां जिस होटल में ठहरे हैं उस होटल में हर विधायक पर प्रतिदिन 30 हजार से अधिक का खर्च हो रहा है। इसके अलावा कुछ और लोग भी यहां व्यवस्था देखने के लिए ठहरे हुए हैं। अब तक बगावती विधायकों पर 5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हो चुका है। दूसरी ओर अब विधायकों की बुकिंग 5 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। शिंदे गुट के एकनाथ शिंदे राज्यपाल को फ्लोर टेस्ट के लिए पत्र देने जा रहे हैं जिस पर 5 जुलाई को मतदान हो सकता है और इसीलिए विधायकों को अब आसाम में 5 जुलाई तक रुकना होगा। इस पर कुल 10 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे। यह राशि कौन दे रहा है, इस मामले में विधायक से लेकर सभी चुप हैं। यानी हर विधायक पर लगभग 25 लाख रुपए का खर्च आएगा।
