पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बहार

इंदौर। कोरोना महामारी एवं लाक डाउन की वजह से दो साल बाद एक बार फिर रौनक लौट आई है, उल्लास छाया है। शहर एवं आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बहार है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर शासकीय एवं निजी होटलों में बुकिंग फुल हो रही है। इतना ही नहीं, लोगों को एडवांस बुकिंग कर इंतजार करना पड़ रहा है।


उल्लेखनीय है, कि २०२० में कोविड-१९ का प्रकोप फैलने और लाकडाउन की वजह से पूरे दो साल तक सामान्य जन-जीवन एवं तमाम गतिविधियां ठप हो गई थी। अब जबकि स्थितियां सामान्य हो गई हैं और जन-जीवन भी पटरी पर लौट आया है तो मानसून के दस्तक देते ही पर्यटक एवं घूमने फिरने के शौकीन पर्यटक स्थलों का रुख करने लगे हैं। शनिवार एवं रविवार को सभी पर्यटन केंंद्रों पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है और हजारों की संख्या में लोग यहां प्रकृति का आनंद उठाने पहुंच रहे हैं। कोरोना की वजह से दो साल तक जो पर्यटन स्थल वीरान और बियाबान पड़े हुए थे, वहां अब उल्लास और रौमांच नजर आ रहा है। बारिश के चलते, चहुं ओर फैली हरियाली की चादर के बीच पहाड़ियों से कलकल करती नदियां और पहाड़ों से गिरते झरने लोगों का आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
यहां उमड़ रही है भारी भीड़…

शहर के आसपास पातालपानी, कालाकुंड, कजलीगढ, चौरल, तिंछा फाल, हत्यारी खौ, मांडव, हनुमंतिया, सैलानी टापू, जाम गेट, गांधीसागर, महेश्वर-मंडलेश्वर, उज्जैन आदि स्थानों पर पर्यटकों के हुजूम उमड़ रहे हैं। भारी संख्या में यहां पर्यटकों के पहुंचने से इन स्थानों पर कारोबार में भी अच्छी-खासी वृद्धि दर्ज की गई है। इधर शहर के टूर एंड ट्रेवल्स संचालकों के पास भी जमकर बुकिंग हो रही है और मुंहमांगा शुल्क वसूला जा रहा है। यही स्थिति पर्यटन विभाग के होटलों, रेस्ट हाउस एवं निजी होटल व रिसोर्ट्स की है, जहां पर सभी रूम पहले से ही बुक हो चुके हैं और एडवांस बुकिंग के लिए भी नंबर लगाना पड़ रहे हैं।

अगस्त के लिए अभी से होने लगी बुकिंग
अगस्त माह क्योंकि सावन का माह है और नागपंचमी, राखी, स्वतंत्रता दिवस जैसे त्योहारों एवं शनिवार-रविवार जैसी छुट्टियां अधिक होने की वजह से लोग अगले माह घूमने की प्लानिंग अभी से कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इसके लिए अभी से टूरएंड ट्रेवल्स वालों के साथ ही होटल व रेस्टा हाउस में कमरे बुक करा रहे हैं। हाल-फिलहाल पातालपानी-कालाकुंड, कजलीगढ, महेश्वर-मंडलेश्वर, औंकारेश्वर, मांडव के साथ ही हनुमंतिया में प्रकृति का आनंद लूटने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। दूसरी ओर, हनुमंतिया में कई प्रकार की एक्टिविटी के चलते पर्यटन विभाग व्दारा यहां १० काटेज बनाए गए थे, लेकिन पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए यह कम पड़ने लगे हैं। इनकी बुकिंग केे लिए भी पर्यटकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.